कोरबा

सुशासन शिविर में भ्रष्टाचार का खेल, रिश्वत लेते BEO कार्यालय का बाबू गिरफ्तार

Game of corruption in good governance camp, clerk of BEO office arrested while taking bribe

कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-दो प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल का विभागीय कार्य लंबे समय से लंबित था। आरोप है कि काम पूरा करने के बदले प्रदीप मिश्रा ने 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। लगातार मांग से परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर एंटी करप्शन ब्यूरो से की।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। इसी दौरान तुमान में सुशासन तिहार समाधान शिविर आयोजित किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए पहुंचे थे। तय योजना के तहत शिक्षक ने केमिकल लगे 40 हजार रुपये आरोपी को सौंपे। रकम लेते ही सादे कपड़ों में मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कक्ष में ले जाकर पूछताछ की गई

कार्रवाई बिलासपुर एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शिविर स्थल के समीप स्थित कोसा विभाग के एक कक्ष में ले जाकर पूछताछ की गई। साथ ही रिश्वत की राशि जब्त कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Back to top button