छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

105 वर्ष पुराने बांके बिहारी मंदिर में ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ की धूम, चढ़ा 5 किलो का लड्डू भोग

धमतरी. देशभर में आज श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम है. इस अवसर पर प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं. इसी क्रम में धमतरी में भी भगवान कृष्ण कन्हैया के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतार उमड़ पड़ी है. विभिन्न पूजा पाठ और विधानों से उनके स्वागत की तैयारी कर रहे हैं.

धमतरी की प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भगवान के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर है. भगवान के आगमन के लिए अलग-अलग कार्यक्रम सुबह से ही किए जा रहे हैं. भक्तों की भीड़ बांके बिहारी मंदिर में नंदलाल के दर्शन को उमड़ी है. तरह-तरह के भोग और पकवानों से कान्हा के जन्मोत्सव को और भी खास बनाया जा रहा है. भगवान कृष्ण को 5 किलो की मोतीचूर के लड्डू का भोग चढ़ाया गया है.

मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह से ही व्रती श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं. दिनभर भक्तों का इसी तरह आना-जाना लगा रहेगा. श्रद्धालुओं के लिए जन्माष्टमी को खास बनाने के उद्देश्य से मंदिर में दिनभर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें भजन, पूजा-पाठ और यज्ञ के साथ छोटे बच्चों व उनके परिजनों के लिए दीप सजाओ और राधा-कृष्ण सज्जा जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी. रात 12 बजे तिथि के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. जन्म के बाद श्रद्धालुओं के लिए भगवान के विशेष दर्शन की व्यवस्था रहेगी.

Back to top button