रायपुर

फोन पर तीन तलाक देने वाला पति गिरफ्तार

Husband arrested for giving triple talaq over phone

रायपुर। विदेश में रहकर पत्नी को फोन पर तीन तलाक देने वाले आरोपी पति को रायपुर पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शाहिद रजा को पकड़ने के बाद पुलिस टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस के साथ झूमाझटकी भी की। वहीं उसकी मां नाबालिग बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गई, जिसकी तलाश की जा रही है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार राजातालाब निवासी सय्यद अजरा ताजी की शादी वर्ष 2008 में चौरसिया कॉलोनी निवासी शाहिद रजा से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। कुछ वर्ष पहले शाहिद रोजगार के सिलसिले में कुवैत चला गया और वहीं एक निजी कंपनी में काम करने लगा। आरोप है कि विदेश जाने के बाद वह न तो घर लौटा और न ही पत्नी और बच्चों को अपने पास बुलाया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले शाहिद ने कुवैत से फोन किया और बातचीत के दौरान गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया और इसके बाद पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इंकार कर दिया। इसके बाद महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस बीच शाहिद के भारत लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से आरोपी का लोकेशन नागपुर में मिला, जहां से रायपुर पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Back to top button