छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

सरगुजा में 15 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी

Sensation in Sarguja after discovery of 15-year-old student's body.

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र का शव रिखी ग्राम स्थित टिहली पर्वत पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। छात्र के चेहरे और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक मौत के कारण पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।

खेलने निकला, रातभर नहीं लौटा

पुलिस के अनुसार ग्राम सलका निवासी विरेंद्र कंवर (15) गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह भी खोजबीन जारी रही।

टिहली पर्वत पर झाड़ियों में मिला शव

शुक्रवार को टिहली पर्वत पहुंचे ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच विरेंद्र का शव देखा और इसकी सूचना गांव के सरपंच व उदयपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चेहरे पर गंभीर चोट और पैरों पर घाव पाए गए, जिससे बेरहमी से मारपीट की आशंका व्यक्त की जा रही है। मृतक का घर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है।

दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र घटनास्थल तक किसके साथ पहुंचा था। जांच में सामने आया है कि शाम तक वह दोस्तों के साथ खेल रहा था, लेकिन उसके बाद वह किसके साथ गया, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ जारी है।

Back to top button