रायपुर के कोचिंग सेंटरों में मिली खामियां, निगम सख्त
Lapses found in Raipur coaching centers; Municipal Corporation takes a strict stance.

रायपुर। रायपुर नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा और लिफ्ट सुरक्षा मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्रों के बैठने, वेंटिलेशन की अपर्याप्त व्यवस्था और फायर सेफ्टी से जुड़ी कई खामियां सामने आईं।
जांच के दौरान टीम ने एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक स्टूडेंट्स के बैठने की व्यवस्था पाई गई।
इसके अलावा वेंटिलेशन संबंधी कमियां भी सामने आईं। हालांकि, अन्य सुरक्षा मानक और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जांच के दौरान आरसीसी और अकादजा कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम ने संबंधित जोनों को नियमानुसार नोटिस जारी कर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। संस्थानों के संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियां दूर नहीं करने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह निरीक्षण अभियान जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य कोचिंग संस्थानों में शासन के सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की समीक्षा करना था।
निरीक्षण दल में नगर निगम के अभियंता, अग्निशमन विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।
