रायपुर में वकील पर चाकू हमला, गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती
Lawyer attacked with knife in Raipur, hospitalized in critical condition

रायपुर । रायपुर में राजातालाब स्थित नूरानी चौक के पास अधिवक्ता रमीज खान पर शुक्रवार देर रात चाकू से जानलेवा हमला हुआ है। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रमीज खान ने इलाके में कुछ युवकों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था। इसी बात से नाराज आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। युवकों ने अधिवक्ता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने शरीर के चार अलग-अलग हिस्सों पर वार किए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वकील को अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।
घटना से नाराज अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। देर रात बड़ी संख्या में वकील सिविल लाइन थाना पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। वकीलों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और आरोपियों का जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
