रायपुर

लोहाणा महापरिषद जोन-13 की बैठक संपन्न

Lohana Mahaparishad Zone-13 Meeting Concludes

रायपुर। लोहाणा महापरिषद जोन-13 की संगठनात्मक बैठक रविवार को रायपुर में उत्साह, सौहार्द और समाज सेवा की भावना के साथ संपन्न हुई। बैठक में जोन-13 के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उनके सफल कार्यकाल और समाज के प्रति समर्पित सेवा के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।

बैठक में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों से पदाधिकारी और समाजजन शामिल हुए। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के हर परिवार तक महापरिषद की गतिविधियां पहुंचाने, युवा पीढ़ी और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान महापरिषद की ओर से संचालित अलग-अलग सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। पदाधिकारियों को आरोग्य समिति, शिक्षा समिति, मैट्रिमोनियल समिति (लग्न सेतु), महिला समिति, युवा समिति, रोजगार और व्यवसायिक मंच सहित समाज हित में संचालित विभिन्न प्रकल्पों से अवगत कराया गया।

सदस्यों को बताया गया कि महापरिषद शिक्षा सहायता, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, वैवाहिक सहयोग, युवा सशक्तिकरण, रोजगार अवसर और सामाजिक उत्थान के कार्यक्रमों के जरिए समाज के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि लोहाणा महापरिषद केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि विश्वभर के लोहाणा समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाला सशक्त मंच है।

संगठन, सेवा और संस्कारों के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में ट्रस्टी किशनभाई मिरानी, जोन-13 अध्यक्ष प्रकाशभाई दावड़ा, जोन प्रभारी ललितभाई पुजारा, उपाध्यक्ष भरतभाई ठक्कर, सचिव ललितभाई जोबनपुत्रा, छत्तीसगढ़ राज्य अध्यक्ष शैलेशभाई कारिया, महिला विंग की संरक्षिका प्रफुल्लाबेन मिरानी, महिला विंग से प्रगतिबेन मिरानी और युवा विंग से दीप्तिबेन मिरानी मौजूद रहीं। सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को समाज सेवा और संगठन विस्तार के लिए प्रेरित किया।

स्विट्जरलैंड से वीडियो कॉल पर जुड़े अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष

बैठक की विशेष उपलब्धि यह रही कि महापरिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सतीशभाई विठलानी स्विट्जरलैंड से वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

उन्होंने संगठन की एकता, सेवा भावना और वैश्विक स्तर पर लोहाणा समाज को मजबूत बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

नासिक में राष्ट्रीय बैठक का दिया गया निमंत्रण

बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में जुलाई में महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बैठक का निमंत्रण उपस्थित पदाधिकारियों और समाजजनों को दिया गया।

इस बैठक में देशभर के अलग-अलग राज्यों और जोनों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। यहां संगठन विस्तार, सामाजिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, युवा सहभागिता और समाज के भविष्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

संगठन की मजबूती का लिया संकल्प

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और समाजजनों ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता, सेवा कार्यों के विस्तार और समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

 

Back to top button