कोरबा

कोरबा में बड़ा हादसा टला, पूर्व सांसद के बेटे की कार बनी आग का गोला

Major accident averted in Korba, car of former MP's son turns into a ball of fire

कोरबा। कोरबा से रायपुर जा रहे शहर के दंत चिकित्सक एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय बंशीलाल महतो के पुत्र डॉ. विवेक रंजन महतो की चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय कार में डा. महतो समेत तीन लोग सवार थे। समय रहते वाहन से धुआं उठता देख सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई और धू-धू कर जलने लगी।

कार रायपुर की ओर जा रही थी

हादसा उस समय हुआ जब कार रायपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे रोका। धुआं बढ़ता देख डॉ. विवेक रंजन महतो और उनके साथ मौजूद अन्य दो लोग तेजी से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही हसदेव थर्मल पावर प्लांट की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार

घटना के कारण कुछ समय तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर दर्री पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सामान्य कराया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button