रायपुर

महतारी वंदन योजना का बड़ा अपडेट, अविवाहित महिलाओं को भी लाभ

Major update on Mahtari Vandan Yojana: Unmarried women to benefit as well.

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने की दिशा में सरकार विचार कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत अब राज्य की ऐसी महिलाओं को भी शामिल किए जाने की तैयारी है, जो 40 वर्ष से अधिक उम्र की हैं और अविवाहित हैं।

इस योजना के विस्तार से प्रदेश की हजारों और महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता का सीधा लाभ मिल सकेगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कदम

राज्य सरकार द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना ने पहले ही छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित रूप से हर महीने एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को इस दायरे में लाने के निर्णय से समाज के एक ऐसे वर्ग को संबल मिलेगा, जिसे अक्सर सामाजिक और आर्थिक स्तर पर अधिक संघर्ष करना पड़ता है। सरकार का यह कदम महिलाओं के कल्याण और उनके सामाजिक सुरक्षा कवच को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।

योजना के विस्तार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जारी है मंथन

प्रशासनिक गलियारों में इस बात पर तेजी से मंथन चल रहा है कि किस प्रकार पात्रता के नियमों को सरल बनाते हुए इस नई श्रेणी की महिलाओं को योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए जल्द ही दिशा-निर्देश और आवश्यक औपचारिकताओं की घोषणा की जा सकती है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल राज्य के हर वर्ग के समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। आने वाले दिनों में इस योजना के विस्तार से राज्य की महिलाओं में एक बार फिर भारी उत्साह देखने को मिल सकता है।

पोर्टल खुलने के बाद मिलेगा फायदा

महतारी वंंदन योजना में 40 वर्ष से अधिक की अविवाहित महिलाओं को शामिल किया जाएगा। योजना का पोर्टल खुलने पर ऐसी महिलाएं पंजीकरण कर सकेंगी।

– लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री बाल व महिला विकास

 

Back to top button