बिलासपुर

कोटा के औरापानी में मलेरिया का कहर, एक परिवार के 3 संक्रमित

Malaria outbreak in Kota's Aurapani; three members of one family infected.

बिलासपुर। जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही एक बार फिर मच्छर जनित बीमारियां अपना पैर पसारने लगी हैं। कोटा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दुर्गम वनग्राम औरापानी से स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोग मलेरिया की चपेट में आ गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है, और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

हर साल बरसात में बनता है हाट स्पॉट

ग्रामीणों के अनुसार, औरापानी एक ऐसा वनग्राम है जो हर साल वर्षा ऋतु के दौरान मलेरिया की चपेट में आ जाता है। भौगोलिक स्थिति और जंगलों से घिरे होने के कारण यहां जलभराव और मच्छरों का प्रकोप आम बात है। बारिश शुरू होते ही यहां मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, इसके बावजूद पूर्व में पुख्ता इंतजाम न होने से ग्रामीणों को हर साल इस मुसीबत से जूझना पड़ता है।

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया घर-घर सर्वे

एक ही परिवार में एक साथ तीन मलेरिया पॉजिटिव मिलने की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर हरकत में आए स्वास्थ्य अमले ने औरापानी गांव में डेरा डाल दिया है। विभाग की मेडिकल टीमों द्वारा घर-घर जाकर सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है।

वनग्रामों में मलेरिया और डेंगू को लेकर हाई अलर्ट

औरापानी की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले के तमाम अन्य दूरदराज के वनग्रामों और ग्रामीण इलाकों में भी मलेरिया और डेंगू को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मैदानी अमले को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशील गांवों में लगातार निगरानी रखें।

Back to top button