छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

छत्तीसगढ़ के बालोद में भीषण आंधी से भारी तबाही

Massive destruction caused by a severe storm in Balod, Chhattisgarh.

बालोद। जिले के ग्राम भेड़िया नवागांव, बोड़की और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और गर्जना के साथ आए इस तूफान से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि मकानों के छप्पर और टीन शेड हवा में उड़ गए।

भेड़िया नवागांव में स्थापित करीब 150 फीट ऊंचा बीएसएनएल टावर तेज आंधी के कारण धराशायी हो गया। टावर गिरने के बाद क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

आंधी-तूफान के दौरान ग्राम बोड़की और भेड़िया नवागांव के बीच स्थित खार मुख्य मार्ग पर चार बड़े पेड़ गिर गए। पेड़ों के सड़क पर गिरने से कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह बंद रहा। बाद में ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए पेड़ों को हटाया और रास्ता दोबारा चालू कराया।

तूफान का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। कई जगहों पर विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था ठप हो गई। ग्रामीणों को अंधेरे और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार तेज गर्जना और हवाओं के साथ आया तूफान कुछ ही मिनटों में व्यापक नुकसान पहुंचाकर गुजर गया। संभावना जताई जा रही है कि प्रशासन जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेगा।

Back to top button