रायपुर

ऑक्टोपस बार में भीषण आग, 4 दुकानें राख

Massive fire at Octopus Bar, 4 shops reduced to ashes

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित ऑक्टोपस बार के पास देर रात करीब 1 बजे भीषण आग लग गई। आग हार्डवेयर की दुकान में लगी, जो देखते ही देखते ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों तक फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, काफी मशक्कत के बाद सुबह आग पर काबू पा लिया गया।

तेलीबांधा टीआई अजय झा के मुताबिक, आग हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। आग इतनी भीषण थी कि तेज बारिश के बावजूद उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

लोगों ने भागकर बचाई जान

बताया जा रहा है कि बार की ऊपरी मंजिल में कई लोग फंसे हुए थे, जो आग लगने के बाद दो से तीन छतों से कूदकर बाहर निकले। वहीं बगल के होटल में रुके लोगों को जैसे ही आग लगने की जानकारी मिली वहां से भागकर जान बचाई। लोगों के मुताबिक उन्हें सामान ले जाने तक का मौका नहीं मिला।

दुकान के बाहर खड़ी कई गाड़ियां खाक

पास के ही भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया, रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिली। खबर मिलते ही जिस हालत में थे, उसी हालत में दुकान पहुंच गए। तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। हार्डवेयर की जिस दुकान से आग भड़की उसके सामने खड़ी कई गाड़ियां भी आग की चपेट में आकर खाक हो गईं।

 

Back to top button