NH-130 पर लोडेड पेट्रोल-डीजल टैंकर में भीषण आग, हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार; चालक-कंडक्टर ने बचाई जान

कटघोरा (कोरबा)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर लोडेड पेट्रोल-डीजल टैंकर में भीषण आग लग गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया।
खाना खाने के बाद टैंकर स्टार्ट करते ही लगी आग
जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफ नगर की ओर जा रहा था, जिसमें करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड था। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास टैंकर चालक खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को स्टार्ट किया गया, उतने में उसमें आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया।
चालक और कंडक्टर ने बचाई अपनी जान
घटना के बाद आनन-फानन में चालक और कंडक्टर ने टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची।
विस्फोट की आशंका पर खाली कराया गया रिहायसी इलाका
टैंकर में विस्फोट की आशंका को लेकर रिहायसी इलाके को खाली कराया गया। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
टैंकर में आग का वीडियो आया सामने
टैंकर में आग लगने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से आग धू-धूकर जल रही है। वहीं कुछ लोग आग पर काबू पाने की कोशिश भी कर रहे हैं।
