रायपुर

रायपुर में 35 जगह मेगा नाकेबंदी, ताबड़तोड़ जांच

Mega roadblocks at 35 locations in Raipur; intensive checks underway.

रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से शनिवार को रायपुर पुलिस ने शहरभर में एक साथ मेगा नाकेबंदी अभियान चलाया। शहर के 35 प्रमुख स्थानों पर एक साथ पुलिस ने चेकिंग पॉइंट बनाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में बैरिकेड्स लगाकर दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट, संदिग्ध नंबर वाले वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी।

संदिग्ध वाहनों की डिक्की जांची

चेकिंग के दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, बीमा और अन्य आवश्यक कागजातों की भी जांच की गई। संदिग्ध वाहनों की डिक्की और सामान की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि उनका उपयोग किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं हो रहा है।

अपराध में प्रयुक्त हो रहे वाहन

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में अपराधों में उपयोग किए जा रहे फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों और चोरी के वाहनों की शिकायतों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की आवाजाही पर रोक लगाने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

कई स्थानों पर लगी कतार

अचानक हुई इस मेगा नाकेबंदी के कारण कुछ स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें भी लगीं, हालांकि पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर व्यवस्था संभाली। अभियान के दौरान कई संदिग्ध वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।

Back to top button