रायपुर

स्कूलों में राष्ट्रगीत अनिवार्य, स्काउट-गाइड के निर्देश

National Anthem mandatory in schools; directives issued for Scouts and Guides.

रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में जिला संगठन आयुक्तों की बैठक हुई। जिसमें संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। सभी जिलों के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों की प्रार्थना सभा में नियमित रूप से राष्ट्रगीत का गायन कराया जाए। साथ ही 31 अगस्त तक संगठन का अंशदान हर हाल में जमा कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में कहा गया कि हर स्कूल में कम से कम एक प्रशिक्षित स्काउट मास्टर और एक गाइड कैप्टन होना चाहिए, ताकि स्काउट-गाइड की गतिविधियां बेहतर तरीके से संचालित हो सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य स्तर से सभी जिलों का दौरा कर गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। ओवायएमएस (OYMS) पंजीयन का काम तेजी से पूरा करने के लिए हर जिले में कार्यशाला आयोजित करने और प्रत्येक विकासखंड में एक समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।

बचाव कार्य के लिए रहे तैयार

राज्य मुख्य आयुक्त ने सभी जिलों और विकासखंडों में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने को कहा। उन्होंने इसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही संभावित बाढ़ को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार रखने को कहा गया।

बैठक के दौरान इंदरजीत सिंह खालसा के राष्ट्रीय वयस्क स्काउटिंग समिति के सदस्य बनने पर उनका सम्मान किया गया। बैठक के अंत में उन्होंने सभी जिला संगठन आयुक्तों से सेवा भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ काम करने की अपील की, ताकि स्काउट-गाइड की गतिविधियां प्रदेश में और अधिक प्रभावी बन सकें।

Back to top button