छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

भांजे ने रचा हनीट्रैप किडनैपिंग का खेल, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग । दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए रचे गए अपहरण के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि साजिश का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का ही भांजा निकला। पुलिस ने महिला समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अपहृत नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनी संकट चंद्रा के मुताबिक, 12 अप्रैल को प्रार्थी ने अमलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाबालिग बेटे को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक बुलाया गया, जहां अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। घटना के बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए धमकी भी दी, जिससे परिजनों में दहशत फैल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की लोकेशन धमतरी जिले में ट्रेस की गई। इसके बाद दुर्ग और धमतरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और बालक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।

Back to top button