छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

“21 लाख की मांग पर पंडित प्रदीप मिश्रा को कथा के लिए नहीं बुलाया, FIR दर्ज”

"Pandit Pradeep Mishra was not invited for the Katha on the demand of Rs 21 lakh, FIR registered"

राजनांदगांव। प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा के आयोजन के नाम पर 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिनेश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया। बताया गया है कि आरोपित दिनेश साहू वही व्यक्ति है, जो हर वर्ष अपने गृह ग्राम में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराता रहा है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार दिनेश साहू ने दो किश्तों में नगद राशि प्राप्त की और आयोजकों को कथा के लिए कथित रूप से झूठी तारीख दे दी। जब उससे रकम वापस मांगी गई तो वह मुकरने लगा। समिति अध्यक्ष दीपचंद रजक ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का आयोजन दिनेश साहू के माध्यम से होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद समिति के सदस्य उसके गांव पहुंचे और आयोजन को लेकर चर्चा की। दिनेश ने आयोजन के लिए नगद राशि देने को कहा। पहले पांच लाख और बाद में 16 लाख रुपये उसे दिए गए। उसने जल्द कथा की तारीख बताने का भरोसा दिलाया।

आरोपित दिनेश साहू ने कहा कि समिति ने समय पर पैसा जमा नहीं किया, जिसके चलते कथा रद हुई। उनका कहना है कि उन्होंने रकम अकाउंट में जमा करने के लिए कहा था, लेकिन समिति ने नगद राशि दी। दिनेश साहू ने दावा किया कि वह पैसे वापस कर रहा है और पांच लाख रुपये टेंट वाले के पास जमा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में उनके चाचा का निधन हो गया था, जिसके कारण वह व्यस्त थे और इसी बीच शिकायत दर्ज करा दी गई।

 

Back to top button