छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

गरियाबंद में जिला पंचायत अध्यक्ष की इनोवा को पिकअप ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे गौरी शंकर कश्यप

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130 सी पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजापड़ाव के पहले मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप की इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गौरी शंकर कश्यप हादसे में बाल-बाल बच गए और सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दे दी गई है।

एक महीने पहले भी हुआ था बड़ा हादसा:
स्थानीय लोगों के मुताबिक एनएच-130 सी पर झरियाबहारा से धूर्वागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा बरसात के दौरान बेहद संवेदनशील हो जाता है। करीब एक महीने पहले इसी मार्ग पर सड़क हादसे में देवभोग रेंजर समेत उनके चालक की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बीच सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Back to top button