रायपुर

पिकनिक बनी मातम, डैम में बहा युवक

Picnic turns tragic; youth swept away in dam.

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने पहुंचे चार दोस्तों में से एक युवक नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया, जबकि उसके साथ पानी में उतरे दो अन्य युवकों की जान स्थानीय मछुआरों ने समय रहते बचा ली।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

संतुलन खोकर गहरे पानी में या

पुलिस के अनुसार, डूबने वाले युवक की पहचान सुधांशु तिवारी (30 वर्ष), निवासी उरला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुधांशु अपने तीन दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने और पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी युवक डैम में नहाने के लिए उतर गए। अचानक पानी का तेज बहाव आने से सुधांशु संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में बह गया।

दो साथी उतरे और बहने लगे

सुधांशु को बहता देख उसके दो साथी भी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय मछुआरों ने तत्काल साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सुधांशु का कोई पता नहीं चल सका।

लगातार चल रहा तलाशी अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा डैम में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई है।गौरतलब है कि पिछले सात दिनों के भीतर बेंद्री डैम में यह दूसरी बड़ी घटना है।

Back to top button