रायपुर

‘कई बार जेल जा चुका हूं’ कहकर PSC छात्र पर चाकू से हमला

PSC student attacked with a knife after assailant claims, "I have been to jail many times."

रायपुर। राजधानी में देर रात पीएससी की तैयारी कर रहे युवक से चाकू की नोक पर मोबाइल लूट लिया गया। विरोध करने पर आरोपी ने युवक की जांघ में चाकू मार दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गया। जाते-जाते उसने अपना नाम बताते हुए खुलेआम धमकी दी कि वह कई बार जेल जा चुका है। दो दिन में छूटकर वापस आ जाता है। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस कॉलोनी अमलीडीह निवासी सूरज सिंह धुर्वे अपने जीजा-दीदी के साथ रहते हैं और पीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 14 जुलाई की रात करीब 11.10 बजे वह अपनी स्कूटी से अमलीडीह से मोतीबाग स्थित तक्षशिला लाइब्रेरी जा रहे थे। जैसे ही वह बुढ़ीमाता मंदिर चौक के पास पहुंचे, तभी एक युवक ने उनकी स्कूटी के सामने आकर रास्ता रोक लिया।

आरोपी मोबाइल फोन छीनकर भागा

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चाकू दिखाकर मोबाइल फोन मांगा। सूरज ने मोबाइल देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उनके बाएं पैर की जांघ के पीछे चाकू मार दिया। घायल होने के बाद आरोपी उनका मोबाइल छीनकर भाग निकला।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही आरोपी की पहचान

पीड़ित का आरोप है कि भागते समय आरोपी ने अपना नाम विशाल नेताम बताते हुए कहा कि वह राजेंद्र नगर का रहने वाला है, कई बार जेल जा चुका है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घायल युवक का इलाज जारी है।

Back to top button