भिलाई में युवक की संदिग्ध मौत पर फूटा जनाक्रोश, मोहल्लेवासियों ने किया हंगामा
Public anger erupts over the suspicious death of a youth in Bhilai; residents create ruckus

भिलाई। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) भिलाई क्षेत्र के अंतर्गत पुरैना स्थित स्टोर पारा डंप चौक में एक युवक अपने घर में मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नजरुल सोना (29 वर्ष) निवासी स्टोर पारा डंप चौक पुरैना के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह जब पिता गंगाराम सोना की नींद खुली तो उन्होंने बेटे नजरुल को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद तत्काल जीआरपी भिलाई थाना को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मोहल्लेवासियों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई। लोगों ने पुलिस को बताया कि 19 मई को मृतक के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की गई थी। संबंधित युवकों के नाम भी पुलिस को बताए गए हैं।
पुलिस कर रही संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। जीआरपी भिलाई ने बताया कि फिलहाल पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
