आंधी-बारिश का कहर: ओलावृष्टि और हादसों में 12 लोगों की मौत, इटावा में सबसे ज्यादा बारिश

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को लगातार दूसरे दिन मौसम ने कहर बरपाया। बुंदेलखंड और सेंट्रल यूपी के जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कानपुर, बांदा, जालौन, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और हरदोई में जहां तेज हवाओं के साथ ओले गिरे, वहीं झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर और मथुरा में अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, इटावा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खराब मौसम के चलते कई जगह पेड़ गिरने, दीवार ढहने और बिजली गिरने जैसी घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में अवध क्षेत्र के चार लोगों सहित कुल 12 लोगों की मौत हो गई।
तेज आंधी और बारिश से फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं, जबकि मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
