छत्तीसगढ़ के 6 नए जिलों में तैनात होंगे खेल अधिकारी
Sports officers will be posted in 6 new districts of Chhattisgarh.

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में खेल गतिविधियों के बेहतर संचालन और विस्तार के उद्देश्य से छह नए जिलों में खेल अधिकारी के पदों को मंजूरी दे दी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती जिलों में खेल अधिकारियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
खेल गतिविधियों को मिलेगा संस्थागत सहयोग
सरकार के इस निर्णय से नए जिलों में खेल गतिविधियों के संचालन, खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और खेल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के आदेश के बाद इन जिलों में खेल प्रशासन को और व्यवस्थित बनाया जाएगा।
एनसीईआरटी CEE-2026 में रायपुर की छात्रा ने बढ़ाया मान
इसी बीच राजधानी रायपुर की छात्रा अमृता मुगरी ने एनसीईआरटी कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE)-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 94, स्टेट रैंक 5 और कैटेगरी रैंक 1 हासिल की है।
इस उपलब्धि के आधार पर अमृता को रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, भोपाल के बीएड (सामाजिक विज्ञान एवं भाषा) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला है। उनकी इस सफलता से उनके माता-पिता तपन कुमार मुगरी और अंजली मुगरी गौरवान्वित हैं। अमृता ने अपनी स्कूली शिक्षा एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल से पूरी की, जबकि स्नातक की पढ़ाई पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से की है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।
