रायपुर

कोचिंग सेंटरों पर सख्ती, कई को नोटिस

Strict action against coaching centres, notices issued to many

रायपुर। रायपुर में लगातार दूसरे दिन भी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने कोचिंग सेंटर्स का सरप्राइज इंस्पेक्शन किया। इस दौरान फायर सेफ्टी, वेंटिलेशन, लिफ्ट सुरक्षा और आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।

प्रशासन की टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों एलन, अनअकादमी, विद्यापीठ, आरसीसी और अकादजा का निरीक्षण किया। जांच में एलन, अनअकादमी और विद्यापीठ की कुछ कक्षाओं में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था पाई गई। इसके अलावा वेंटिलेशन संबंधी कमियां भी सामने आईं।

वहीं आरसीसी और अकादजा में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, वेंटिलेशन व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा मानकों में कई खामियां मिलीं। अधिकारियों ने सभी संबंधित संस्थानों को एक सप्ताह के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम के जोन-3 की टीम ने चाणक्य, इम्पैक्ट और क्लेट कोचिंग सेंटर का इंस्पेक्शन किया। आनंद नगर स्थित चाणक्य कोचिंग सेंटर में संचालक फायर ऑडिट सर्टिफिकेट पेश नहीं कर सके। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान आपातकालीन निकास (एग्जिट) द्वार के सामने फर्नीचर रखा मिला। इसे सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए संचालक को नोटिस जारी किया गया।

वहीं शंकर नगर के गीतांजलि नगर स्थित इम्पैक्ट कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं मिला। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शंकर नगर सेक्टर-1 स्थित क्लेट कोचिंग सेंटर में लिफ्ट का अलार्म सिस्टम बंद मिला, जबकि लिफ्ट संचालन व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू नहीं पाई गई। इस पर भी संचालक को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में जवाब पेश करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण अभियान के तहत नगर निगम जोन-1 में कृतविद्या कोचिंग सेंटर, जोन-2 में उड़ान और फुदान कोचिंग सेंटर, जबकि जोन-7 में दिल्ली आईएएस अकादमी स्टडी पॉइंट का भी औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

कोटा हादसे के बाद जागा प्रशासन

देशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों और हालिया हादसों के बाद रायपुर प्रशासन ने भी व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button