छात्रा से दुर्व्यवहार और अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक प्राथमिक स्कूल के शिक्षक पर छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और अश्लील हरकत करने के आरोप लगे हैं। मामले की पुष्टि के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खिसोरा प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षक राकेश कुर्रे के खिलाफ पीड़ित छात्रा के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की। एसडीएम स्तर पर हुई जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बलौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
