कोरबा

बड़े भाई ने टंगिया से छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

The elder brother hacked the younger brother to death with an axe.

कोरबा: जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लेपरा में वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गुस्से में बड़े भाई ने छोटे भाई पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गया।

मंगलवार रात करीब 10 बजे ग्राम लेपरा निवासी कैलाश धनवार (45) के घर उसका छोटा भाई मथुरा धनवार (42) अपनी पत्नी के साथ भोजन करने पहुंचा था। परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे और सामान्य माहौल में भोजन चल रहा था। भोजन के बाद मथुरा आंगन में आ गया और पत्नी से घर लौटने की बात कहने लगा। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि कैलाश ने पास में रखी टंगिया उठा ली और मथुरा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले से बचने के प्रयास में मथुरा ने हाथ आगे किया, जिससे उसका दायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घटना से घर और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन और ग्रामीण तत्काल घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद और आपसी मनमुटाव चल रहा था।

पुलिस इसी पहलू को केंद्र में रखकर जांच कर रही है। वारदात के बाद आरोपित कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की हत्या संबंधी धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button