बिलासपुर

पति की मौत के गम में पत्नी ने भी दी जान, दो दिन बाद फांसी लगाई

The wife also committed suicide due to grief over the death of her husband, hanging herself two days later.

बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर से दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। पति की मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर पाई और घटना के दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में दो दिनों के भीतर हुई लगातार दो मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना से स्वजन सदमे में हैं।

पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में रहने वाले रामनारायण केंवट का विवाह चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुआ था। पति-पत्नी सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे थे। परिवार की जिंदगी में अचानक दुखों का पहाड़ तब टूट पड़ा, जब 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का संकट टूट पड़ा। पति की मौत के बाद पत्नी सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी। स्वजन ने पुलिस को बताया कि वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब स्वजन की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर झूल रही थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना बुधवार सुबह पचपेड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन बाद ही बहू की निकली अर्थी, गांव में पसरा मातम

रविवार को करंट से रामनारायण की मौत के बाद परिवार के लोग सदमे में थे। मंगलवार की रात जैसे ही गांव के लोगों को सुनीता की मौत की जानकारी मिली उनके घर पहुंच गए। सुबह पुलिस की टीम ने पंचनामा के बाद शव का पीएम कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग वहां मौजूद रहे। दोपहर को सुनीता का शव गांव पहुंचा। बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे। शोक के माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Back to top button