कोरबा

बर्थडे पार्टी मर्डर केस का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Prime accused in birthday party murder case arrested.

कोरबा : बर्थडे पार्टी के बाद हुए विवाद में कैंपर से युवक को कुचलकर हत्या कर फरार आरोपित तुषार ढांडा को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

तीन जुलाई की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के लगभग 12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा का एक अन्य युवक के साथ विवाद हो गया।

चेकआउट के बाद सभी युवक रिसोर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच फिर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान तुषार ढांडा बोलेरो कैंपर में बैठा और स्टार्ट कर वाहन उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया।गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। उरगा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इसके साथ ही आरोपित की पतासाजी भी शुरू की गई। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने नागपुर जाकर तुषार को गिरफ्तार कर कोरबा लाई। घटना में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Back to top button