तालाब किनारे विकसित भ्रूण मिलने से हड़कंप, जांच तेज
Sensation after developed foetus found near pond; investigation intensified.

रायपुर। रायपुर के रावाभाठा के हृदयलाल चौक पर स्थि ESIC अस्पताल के पास तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, इसी स्थान पर भ्रूण मिलने की यह दूसरी घटना है। लोगों ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति भ्रूण को यहां फेंककर फरार हो गया। घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि भ्रूण यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार है।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की गंभीर जांच की मांग करते हुए कहा कि बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना चिंताजनक है। लोगों का कहना है कि यदि यह दूसरी घटना है तो प्रशासन को इस मामले में विशेष निगरानी और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
