छत्तीसगढ़ में दो दिन का मौसम अलर्ट: आंधी और बारिश का खतरा
Two-day weather alert in Chhattisgarh: Danger of storm and rain

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक की एक्टिविटी बनी रह सकती हैं।
इससे पहले मंगलवार देर शाम रायपुर, भिलाई, कोरबा और रायगढ़ में तेज बारिश हुई। कांकेर के चारामा में तेज बारिश से नेशनल हाईवे 30 पर पानी भर गया। इस दौरान कुछ घंटे के लिए बिजली बंद रही।
गरियाबंद और जीपीएम जिले में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन पेंड्रा क्षेत्र में बिजली चली गई। यहां आंधी से गौरेला ओवरब्रिज के पास कई पेड़ टूटकर गिर गए। मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में बारिश का पानी लोगों के घर में घुस गया।
पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलीं। मंगलवार को रायपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
