अंधे कत्ल का खुलासा, मेड़ के झगड़े में किसान की हत्या
Unsolved murder case cracked: Farmer killed in dispute over field boundary.

भटगांव। भटगांव पुलिस ने ग्राम जुनवानी में हुए किसान हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश आखिरकार खूनी वारदात में बदल गई। आरोपी ने पहले किसान के सिर पर डंडे से हमला किया और उसके बाद गैंती से सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार ग्राम जुनवानी निवासी बलेश्वर टंडन ने सूचना दी थी कि उनके पिता तुलसीदास टंडन (70 वर्ष) 10 जुलाई की सुबह खेत में तिल की बुआई करने के लिए साइकिल से निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पहुंचने पर उनका शव पड़ा मिला। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे तथा सीने में गैंती धंसी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक तुलसीदास टंडन और उसके पड़ोसी सकराम उर्फ बजरंग कुर्रे (67 वर्ष) के बीच खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने हाथ में रखे डंडे से तुलसीदास के सिर पर वार कर दिया। किसान के गिर जाने के बाद आरोपी ने वहीं पड़ी गैंती उठाकर उसके सीने में वार कर दिया और गैंती को सीने में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस ने संदेह के आधार पर सकराम उर्फ बजरंग कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडे का टूटा हुआ हिस्सा ग्राम जुनवानी में जल जीवन मिशन की पानी टंकी के पास स्थित घुरवा के किनारे से बरामद किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को 13 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
