रायपुर समेत प्रदेश में बदला मौसम: बारिश से राहत, तापमान में गिरावट के आसार

भीषण गर्मी से जूझ रहे रायपुर समेत पूरे प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीती रात राजधानी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया है। हालांकि अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद आगामी दो दिनों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। बीते 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा।
वहीं वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, नांगुर में 3 सेमी और जगदलपुर में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आने वाले दिनों में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
