महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ेगा? 40+ अविवाहित महिलाओं को मिल सकता है लाभ
Will the scope of the Mahtari Vandan Yojana expand? Unmarried women over 40 may become eligible for benefits.

रायपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ का दायरा बढ़ेगा। इसमें 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को शामिल किया जाएगा। प्रदेशभर में ऐसी करीब 65 हजार महिलाएं हैं। इससे राज्य सरकार पर करीब 78 करोड़ रुपये का वार्षिक वित्तीय भार बढ़ेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को योजना में शामिल करने के लिए प्रारंभिक गणना की गई है, जिसमें इनकी संख्या करीब 65 हजार सामने आई है।
बाल विकास मंत्री ने दिए थे योजना का दायरा बढ़ाने के संकेत
विगत दिनों महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने योजना का दायरा बढ़ाने के संकेत दिए थे। विभाग में मंथन चल रहा है कि पात्रता के नियमों को किस प्रकार सरल बनाकर इस नई श्रेणी की महिलाओं को योजना से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 15 अगस्त को इसकी घोषणा किए जाने की भी संभावना जताई जा रही है। महतारी वंदन योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था। योजना के तहत राज्य की पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है।
इसमें विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। अब तक योजना की 30 किस्तें जारी हो चुकी हैं। कुल 19,444.33 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के खातों में भुगतान की जा चुकी है। योजना के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। कोई अपनी बेटी के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाकर राशि जमा कर रही है, तो कोई सिलाई मशीन खरीदकर सिलाई-कढ़ाई का कार्य कर रही है। विभाग की संचालक डा. रेणुका श्रीवास्तव का कहना है कि प्रारंभिक गणना की गई है। हालांकि, अंतिम निर्णय राज्य सरकार को करना है।
हर वर्ग तक योजना का लाभ पहुंचाने कटिबद्ध
शताब्दी भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडे ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को योजना से जोड़ने का निर्णय दूरस्थ अंचलों में रहने वाली महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद और आर्थिक सुरक्षा लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की प्रत्येक माता और बहन के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। भाजपा सरकार जो कहती है, उसे पूरा करके दिखाती है।
छूटी महिलाओं का शुरू किया जाए पंजीयन
सत्यप्रकाश प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने योजना में नए हितग्राहियों के पंजीयन शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि योजना लागू हुए दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन लाखों महिलाएं अब भी लाभ पाने के लिए नए पंजीयन का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार 70 लाख महिलाओं को लाभ देने का दावा करती है, जबकि ई-केवाईसी के नाम पर लगातार हितग्राहियों के नाम काटे जा रहे हैं।
