दुर्ग-भिलाई

कारोबारी की कार से 4.90 लाख पार, CCTV में कैद संदिग्ध

₹4.90 lakh stolen from businessman's car; suspect caught on CCTV.

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलगांव थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की तलाश की जा रही है।

पार्टी को भुगतान करने ले जा रहे थे नकदी

पुलगांव थाना पुलिस के अनुसार, मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जो देव एग्रो इंडस्ट्रीज के संचालक हैं, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी थी, जिसे उन्हें एक पार्टी को भुगतान के लिए देना था।

कार पार्क कर दूसरी बाइक से चले गए

करीब 9 बजे प्रमोद महेश्वरी ने अपनी स्विफ्ट कार को पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने पार्क कर लॉक किया। इसके बाद वे अपनी दूसरी बाइक से नया पारा स्थित अपने मित्र रितेश साहू की बारदाना दुकान चले गए। वहां से इंदिरा मार्केट में चाय पीने के बाद जब लौट रहे थे, तभी उन्हें उत्सव शोरूम के संचालक अमरजीत सिंह का फोन आया।

शीशा टूटा मिला, गायब था नकदी से भरा बैग

सूचना मिलते ही प्रमोद मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार का अगला शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा नकदी से भरा बैग गायब था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV में दिखा संदिग्ध बाइक सवार

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Back to top button