छत्तीसगढ़ (सबसे ज़रूरी)

SBI बैंक में बड़ी सेंधमारी की कोशिश, ग्रिल काटकर अंदर घुसे चोर; चार ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे

CCTV कैमरे तोड़े और तार काटे, कैश-लॉकर की रकम बची; मैनेजर के केबिन से CPU, RAM और SSD ले गए चोर

रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और चार ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम और लॉकर रूम तक पहुंच गए। हालांकि, लॉकर में रखी रकम और बैंक का कैश चोरी करने में वे सफल नहीं हो सके। वारदात के दौरान चोरों ने CCTV कैमरों को तोड़ने के साथ उनके तार भी काट दिए। बैंक मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में सरस्वती नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने बैंक मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। इसके बाद उन्होंने स्ट्रांग रूम की ओर रुख किया। यहां चोरों ने ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़े और लॉकर रूम तक पहुंचने का प्रयास किया। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ मिला, लेकिन चोर लॉकर तक पहुंचकर रकम चोरी नहीं कर पाए। इस वजह से बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई।

वारदात के दौरान चोरों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया और उनके तार काटकर CCTV सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सके। बैंक में सेंधमारी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Back to top button