फर्जी नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी लगाने का आरोप, जेल में बंद कृष्णा अवस्थी पर रायपुर में एक और FIR

रायपुर। फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद बलौदाबाजार भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। तेलीबांधा पुलिस ने शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर कथित तौर पर 2 लाख रुपये लेने और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में उसके खिलाफ एक और अपराध दर्ज किया है। पुलिस जांच में एक गवाह से पूछताछ के दौरान कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया। मामले में पुलिस फर्जी दस्तावेजों और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तेलीबांधा पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में अपराध दर्ज किया है। जांच के दौरान एक गवाह से पूछताछ में कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया है। तेलीबांधा थाने में इस मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर दिया गया फर्जी नियुक्ति पत्र
पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत की थी कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नियुक्ति पत्र और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने हेमंत साहू, पिता रामगोपाल साहू, निवासी कसडोल से पूछताछ की।
गवाह से पूछताछ में सामने आया नाम
पुलिस का कहना है कि हेमंत साहू से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया। विवेचना में यह भी पता चला कि कृष्णा अवस्थी ने कथित तौर पर हेमंत साहू से नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपए लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, रकम लेने के बदले हेमंत साहू को कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया था। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पहले से जेल में बंद है कृष्णा अवस्थी
कृष्णा अवस्थी वर्तमान में पलारी थाने में दर्ज एक अन्य मामले में जेल में है। पुलिस के अनुसार, पलारी थाना में उसके खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर सरकारी कार्यालय में प्रस्तुत किए जाने की जांच चल रही है। इस मामले में कृष्णा अवस्थी और भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
कोर्ट की अनुमति लेकर होगी पूछताछ
तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि कृष्णा अवस्थी दूसरे मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है। इसलिए नए मामले में पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय से अनुमति ली जाएगी। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों की भी जांच
पुलिस कथित फर्जी नियुक्ति पत्र, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने और उसका इस्तेमाल करने में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी।
