मकान में सजी थी जुए की महफिल: पुलिस ने दबिश देकर 6 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा

धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अड्डे पर धावा बोलकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 55 हजार 600 रुपए नगद बरामद किया गया है।
यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जालमपुर वार्ड के एक मकान में जुए की महफिल सजी हुई है और हजारों का दांव लगा हुआ है। सूचना पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
6 आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार
इस दौरान पुलिस ने मौके से 55 हजार 600 रुपए नगद बरामद किया। साथ ही 6 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी धमतरी के ही रहने वाले हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
गौरतलब है कि शहर से लेकर वनांचल तक में जुए का ये काला कारोबार काफी बढ़ गया है। पुलिस की ये कार्रवाई उन तमाम जुआरियों के लिए एक सख्त चेतावनी है कि अगर अभी भी ये गलत काम बंद नहीं हुआ, तो आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
